‘भेजा फ्राई’ से ‘तितली’ तक, इन फिल्मों में रणवीर ने निभाए दमदार रोल; अमिताभ-सलमान संग किया काम

अमिताभ बच्चन, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे दिग्गज सितारों के साथ काम कर चुके अभिनेता रणवीर शौरी किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। एक्टर ने अपने सिनेमाई करियर में ऐसी कई फिल्में की हैं, जिन्हें दर्शक सिर्फ अभिनेता की एक्टिंग की वजह से जानते हैं। आज 18 अगस्त को रणवीर शौरी अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास दिन पर हम आपको बताएंगे अभिनेता की प्रोफेशनल लाइफ, लव लाइफ और फिल्मों में निभाए गए शानदार किरदारों के बारे में।
अभिनय करियर की शुरुआत
रणवीर शौरी का जन्म 18 अगस्त 1972 को जालंधर, पंजाब में हुआ था। अभिनेता की शुरुआती शिक्षा जालंधर से हुई थी, लेकिन बचपन से ही एक्टिंग के प्रति जुनून ने उन्हें थिएटर की ओर आकर्षित किया, जिसने उनके अभिनय की कला को और धार दी। साल 2002 में अभिनेता ने ‘एक छोटी सी लव स्टोरी’ फिल्म से अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके बाद अभिनेता ने कई शानदार फिल्में की। जानिए रणवीर शौरी के दमदार किरदार।
जिस्म
अमित सक्सेना के निर्देशन में साल 2003 में रोमांटिक मर्डर मिस्ट्री फिल्म ‘जिस्म’ रिलीज हुई थी। इसमें जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म में रणवीर शौरी ने विशाल का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पंसद किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी।
लक्ष्य
अमिताभ बच्चन, ऋतिक रोशन और प्रीति जिंटा अभिनीत ‘लक्ष्य’ फिल्म 2004 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में रणवीर शौरी ने शानदार भूमिका अदा की थी। अभिनेता तरसीम सिंह के रूप में नजर आए थे। यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई थी।





