Rajasthan Nikay Chunav Result: बूंदी में भाजपा के पक्ष में बदला समीकरण, निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से बहुमत

राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों के बीच बूंदी नगर परिषद में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है। चुनाव में भाजपा ने अपने दम पर 29 वार्डों में जीत दर्ज की थी। इसके बाद दो निर्दलीय पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।

दो निर्दलीय पार्षद भाजपा में शामिल

वार्ड नंबर एक से निर्दलीय निर्वाचित प्रभात देवी और वार्ड नंबर तीन से विजयी निर्दलीय आत्माराम चौपदार ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। दोनों पार्षदों का भाजपा नेताओं ने दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। दोनों ने पार्टी की रीति-नीति में विश्वास जताया।

60 सदस्यीय परिषद में 31 का बहुमत

बूंदी नगर परिषद में कुल 60 वार्ड हैं। बहुमत के लिए 31 पार्षदों की जरूरत है। दो निर्दलीय पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी के पास 31 पार्षद हो गए हैं। ऐसे में बूंदी नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है।

चुनाव में कांग्रेस ने 20 वार्डों में जीत दर्ज की थी, जबकि 11 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए थे। अब दो निर्दलीय पार्षदों के भाजपा के साथ आने से निकाय की सियासी तस्वीर बदल गई है।

उदयपुर में भी भाजपा का दबदबा

उदयपुर नगर निगम के सभी 80 वार्डों के नतीजे सामने आ गए हैं। भाजपा ने 53 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिली हैं। माकपा ने एक और निर्दलीय प्रत्याशियों ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा लगातार सातवीं बार बोर्ड बनाने की स्थिति में नजर आ रही है।

भीलवाड़ा में भाजपा आगे

भीलवाड़ा में नगर निगम बनने के बाद पहली बार हुए चुनाव में अब तक 34 वार्डों के नतीजे सामने आए हैं। इनमें भाजपा ने 21, कांग्रेस ने चार और निर्दलीय प्रत्याशियों ने नौ वार्डों में जीत दर्ज की है। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, चुनावी समीकरण भी साफ होते जा रहे हैं।

जोधपुर में कांटे की टक्कर

जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। अब तक भाजपा के 44 और कांग्रेस के 44 प्रत्याशी जीत चुके हैं, जबकि अन्य दलों के 11 प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज की है। वार्ड 51 में कांग्रेस की 21 वर्षीय सरस्वती प्रजापत ने जीत हासिल की है, जो चुनाव मैदान में सबसे कम उम्र की प्रत्याशी बताई गई हैं।

बारां में AAP को स्पष्ट बहुमत

बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी ने 60 में से 32 वार्डों में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस को 17, भाजपा को नौ और निर्दलीय प्रत्याशियों को दो वार्डों में जीत मिली है। इस तरह बारां में AAP का बोर्ड बनना तय हो गया है।

जयपुर में भाजपा आगे

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में मतगणना जारी है। उपलब्ध शुरुआती 26 नतीजों में भाजपा ने 17 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को आठ और एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली है।

चित्तौड़गढ़ में भी भाजपा का प्रदर्शन मजबूत

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में भाजपा ने 32, कांग्रेस ने 24 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने चार वार्डों में जीत दर्ज की है। निंबाहेड़ा में भाजपा ने 27 और कांग्रेस ने 17 सीटें जीती हैं। बेगूं में भी भाजपा ने 24 वार्डों में जीत दर्ज कर बढ़त बनाई है।

Related Articles

Back to top button