प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म वाराणसी को हां करने से पहले रखी खास शर्त, महेश बाबू रह गए हैरान

प्रियंका चोपड़ा अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। सात साल बाद इंडियन सिनेमा में वापसी करने जा रहीं प्रियंका ने हाल ही में फिल्म को हां कहने से पहले रखी गई अपनी एक खास शर्त का खुलासा किया है। इस पर को-स्टार महेश बाबू ने भी प्रतिक्रिया दी है।
CinemaBlend को दिए इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने निर्देशक एसएस राजामौली से फिल्म में डांस सीक्वेंस रखने की रिक्वेस्ट की थी। प्रियंका ने कहा, “मैंने लगभग छह साल से कोई भारतीय फिल्म नहीं की है। जब राजामौली ने मुझे कॉल किया और कहा कि यह फीमेल कैरेक्टर बहुत कूल है, तो मैंने उनसे एक रिक्वेस्ट की—क्या आप मुझसे डांस करवाएंगे? क्योंकि मैंने लंबे समय से डांस नहीं किया है।”
प्रियंका ने आगे बताया कि उन्हें यह सवाल पूछने की जरूरत ही नहीं थी, क्योंकि फिल्म में पहले से ही डांस सीक्वेंस शामिल है। इस पर महेश बाबू ने मजाकिया अंदाज में कहा, “यह तुम्हारी वजह से है। तुम्हारी वजह से मुझे भी डांस करना पड़ेगा।”
फिल्म में डांस को लेकर महेश बाबू ने कहा कि एक गाना पहले ही शूट किया जा चुका है, जो सभी के दिमाग में घूमता रहता है। उन्होंने बताया कि प्रियंका अक्सर उस गाने को गुनगुनाती रहती हैं और फिल्म में गाने को शामिल करने की एक वजह उनका डांस के लिए उत्साह भी रहा।
बता दें कि ‘वाराणसी’ एक एक्शन-एडवेंचर फिल्म है। राजामौली के मुताबिक, फिल्म के एक अहम सीन में महेश बाबू भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, महेश बाबू के साथ पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। यह फिल्म अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।





