मुंबई में लॉन्च हुई पिंक ई-रिक्शा सेवा, अमृता फडणवीस और भूमि पेडनेकर ने बढ़ाया उत्साह

अमृता फडणवीस ने चलाया ई-रिक्शा, भूमि पेडनेकर बनीं पैसेंजर; पिंक ई-रिक्शा पहल की शुरुआत
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने ई-रिक्शा चलाकर महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ई-रिक्शा में सवार नजर आईं।
मुंबई में भामला फाउंडेशन के ‘विमेन-लेड ग्रीन मोबिलिटी प्रोग्राम’ के तहत पिंक ई-रिक्शा सहायता पहल की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। अमृता फडणवीस ने ई-रिक्शा चलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया, जबकि भूमि पेडनेकर ने उनके साथ सफर किया और पहल की सराहना की।
मीडिया से बातचीत में भूमि पेडनेकर ने कहा कि यह सिर्फ पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा अभियान नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम भी है। उन्होंने कहा कि महिला ड्राइवरों को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार के नए अवसर दिए जाएंगे।
भूमि ने उम्मीद जताई कि यह पहल देशभर में विस्तार पाएगी। उन्होंने बताया कि मुंबई में 1,000 पिंक ई-रिक्शा शुरू किए जा रहे हैं, जबकि पूरे महाराष्ट्र में 12,000 ई-रिक्शा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
भामला फाउंडेशन एक गैर-सरकारी संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 1995 में आसिफ भामला ने की थी। संस्था पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, युवा विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम संचालित करती है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो भूमि पेडनेकर हाल ही में वेब सीरीज ‘दलदल’ में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने डीसीपी रीटा फरेरा की भूमिका निभाई थी।





