चीनी विदेश मंत्री से मिले पाकिस्तानी आर्मी चीफ मुनीर, सुरक्षा और आतंकवाद पर चर्चा

पाकिस्तान और चीन की दोस्ती एक बार फिर चर्चा में है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी शुक्रवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर से मिले। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग और आपसी रिश्तों को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।
वांग यी का पाकिस्तान दौरा
वांग यी बुधवार को पाकिस्तान पहुंचे थे। वे यहां छठे दौर के विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता में हिस्सा लेने आए। पाकिस्तान पहुंचने के बाद वांग यी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और विदेश मंत्री इशाक डार से भी मुलाकात की। इस दौरान चीन ने एक बार फिर कहा कि वह पाकिस्तान की संप्रभुता और विकास का मजबूत समर्थन करता रहेगा।
आर्मी चीफ से अहम चर्चा
पाकिस्तानी सेना ने बयान जारी कर कहा कि वांग यी और जनरल असीम मुनीर की बातचीत का केंद्र क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और आपसी हितों के मुद्दे रहा। एक बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने ‘हर मौसम की रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया। वांग यी ने कहा कि चीन पाकिस्तान के साथ हमेशा खड़ा रहेगा। मुनीर ने चीन का लगातार समर्थन करने के लिए आभार जताया। बैठक का अंत इस वादे के साथ हुआ कि दोनों देश क्षेत्र में शांति, स्थिरता और तरक्की को आगे बढ़ाएंगे।





