ओवरस्पीडिंग का कहर: डिवाइडर से टकराई कार, दो युवकों ने गंवाई जान

यूपी के बलरामपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यह हादसा तुलसीपुर थाना क्षेत्र के चयपुरवा गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति से तुलसीपुर की ओर जा रही थी, तभी पुलिया के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर से जा टकराया।
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
मृतकों की पहचान आदिल (21) और अफरोज (20) के रूप में हुई है, जो पचपेड़वा क्षेत्र के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।





