नितिन नबीन ने संभाला राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार, स्वागत में बरसे फूल

बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार संभाला। इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने नितिन नबीन को कुर्सी पर बैठाकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी।
पदभार ग्रहण से पहले भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाए और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। अमित शाह और जेपी नड्डा पहले से ही मुख्यालय में मौजूद थे और उन्होंने नितिन नबीन को बधाई दी।
बताया गया कि नितिन नबीन सोमवार सुबह इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली रवाना होने वाले थे, लेकिन फ्लाइट करीब चार घंटे लेट होने के कारण वे दोपहर करीब एक बजे दिल्ली पहुंचे।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से पहले नितिन नबीन ने सोमवार को पटना स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपने पिता को श्रद्धांजलि दी और फिर दिल्ली के लिए रवाना हुए।
गौरतलब है कि भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। 2024 में उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है और फिलहाल वे एक्सटेंशन पर हैं। जेपी नड्डा इस समय केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। पार्टी के अंदरखाने में चर्चा है कि आगे चलकर नितिन नबीन को ही भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है, क्योंकि पार्टी में इस तरह की परंपरा पहले भी देखने को मिलती रही है।





