प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने उतरेगी मुंबई, दिल्ली की नजरें वापसी पर; संभावित प्लेइंग-11

हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की नजरें प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने पर टिकी होंगी। मुंबई की टीम का सामना बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स से होगा। अगर मुंबई की टीम ये मुकाबला जीतने में सफल रही तो 16 अंक लेकर प्लेऑफ में पहुंच जाएगी क्योंकि दिल्ली इसके बाद अधिकतम 15 अंक ही हासिल कर पाएगी। अब तक गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है। चौथे स्थान के लिए मुंबई और दिल्ली के बीच मुकाबला है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के साथ सोमवार को लखनऊ सुपरजाएंट्स की प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीद भी खत्म हो गई। एकमात्र उपलब्ध प्लेऑफ स्थान के लिए अब मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होड़ है। दोनों टीमें बुधवार को जब यहां आमने-सामने होंगी तो दोनों की नजरें इस मुकाबले को जीतकर अपना दावा मजबूत करने पर टिकी होंगी।
मुंबई ने की शानदार वापसी
मुंबई ने बेहद खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की और अब शीर्ष चार में शामिल है। दिल्ली की शुरुआत काफी अच्छी रही थी लेकिन टीम अपने पिछले छह मैच में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाई है। मुंबई इंडियंस (14 अंक) और दिल्ली कैपिटल्स (13 अंक) दोनों के पास प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका है लेकिन वानखेड़े स्टेडियम में मेजबान टीम प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। दिल्ली कैपिटल्स को आगे बढ़ने के लिए अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने की जरूरत है। दोनों टीमों को अपने आखिरी मुकाबले पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलने हैं।
मुंबई इंडियंस की फॉर्म और गहराई उनके पक्ष में है। टीम को हालांकि लगभग दो सप्ताह पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ करीबी मैच में हार का सामना करना पड़ा था। लगातार छह जीत के बाद मुंबई को यह हार झेलनी पड़ी थी। जीत के साथ मुंबई की टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी लेकिन हार की स्थिति में उनका भाग्य 24 मई को दिल्ली और पंजाब के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करेगा। महेला जयवर्धने के मार्गदर्शन में खेल रही टीम हालांकि दिल्ली को हराकर अगर-मगर पर विराम लगाना चाहेगी।