Monsoon Alert: यूपी के 10 जिलों में आज भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट, कई इलाकों में खतरे के आसार

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार को तराई, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और बुंदेलखंड क्षेत्र समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 से 25 जुलाई के बीच मानसूनी गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ सकती हैं, लेकिन बुंदेलखंड, सोनभद्र और मिर्जापुर जैसे दक्षिणी जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। 26 जुलाई से प्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने और कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो मंगलवार को मिर्जापुर में 190 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। इसके अलावा शाहजहांपुर में 125 मिमी, सिद्धार्थनगर में 120.8 मिमी और गोरखपुर में 111 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अन्य कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
राजधानी लखनऊ में भी दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। शाम की बारिश से मौसम सुहावना हो गया और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि अगले कुछ दिनों तक बारिश की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है। हालांकि 26 जुलाई से लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से अच्छी बारिश होने के आसार हैं।





