ऊना कांड पर मायावती का बयान: न्याय में देरी चिंताजनक, दोषियों को मिले कड़ी सजा

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने गुजरात के चर्चित ऊना कांड को लेकर राज्य सरकार से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित परिवारों को न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए मुफ्त कानूनी सहायता और आवश्यक आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में मायावती ने कहा कि वर्ष 2016 के ऊना कांड में स्थानीय अदालत द्वारा अधिकांश आरोपियों को बरी किए जाने के बाद पीड़ित परिवारों के सामने हाईकोर्ट में न्याय की लड़ाई लड़ने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि आर्थिक और कानूनी संसाधनों की कमी के कारण पीड़ित परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि वह स्वयं घटना के समय पीड़ित परिवारों से मिलने ऊना गई थीं और राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में विरोध के बावजूद बड़ी संख्या में आरोपियों का बरी होना दलितों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मायावती ने गुजरात सरकार से हाईकोर्ट में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को पीड़ित परिवारों को उनकी संतुष्टि के अनुसार सरकारी खर्च पर सक्षम वकील उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार प्रभावी ढंग से मामले की पैरवी करती है तो न केवल पीड़ित परिवारों को न्याय मिलेगा, बल्कि समाज में ऐसा अपराध करने वालों के लिए भी कड़ा संदेश जाएगा।

Related Articles

Back to top button