Ayodhya: राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में कई अहम फैसलों के आसार, खाली पदों पर लग सकती है मुहर

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली अहम बैठक में संगठनात्मक ढांचे और मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। बैठक में नए महासचिव के चयन के साथ लंबे समय से रिक्त दो अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति को लेकर भी फैसला होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट का नया महासचिव विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से ही हो सकता है। पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद खाली हुए पदों को भरने पर चर्चा होगी। इसके अलावा दिवंगत बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के स्थान पर उनके पुत्र और साहित्यकार यतींद्र मिश्र के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। ट्रस्ट में अयोध्या के किसी एक संत को शामिल किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण और उसके बाद हुई जांच के मद्देनजर ट्रस्ट प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी में है। बैठक में चढ़ावे की गणना, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, वित्तीय निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से मंथन होगा। एसआईटी जांच और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।
बैठक मणिराम दास की छावनी में दो चरणों में आयोजित होगी। पहले सत्र में दोपहर 3 बजे से रिक्त पदों पर चर्चा होगी, जबकि दूसरे सत्र में शाम 4 बजे से अन्य प्रशासनिक और व्यवस्थागत विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्टी और विहिप पदाधिकारी अयोध्या पहुंचने लगे हैं।





