पटना में बड़ा नाव हादसा, रेस्क्यू जारी; कई लोगों को बचाया गया

पटना के बाढ़ इलाके में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 3 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसा बाढ़ थाना क्षेत्र के उमानाथ इलाके में गुरुवार सुबह हुआ।

जानकारी के मुताबिक नाव पर करीब 14 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग मासूमगंज बिंद टोली के रहने वाले थे और समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा से खेती और सब्जी तोड़ने का काम कर लौट रहे थे।

मृतकों की पहचान नीलम कुमारी (30), श्रवण महतो (36) और काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। श्रवण और काशी पिता-पुत्र थे। हादसे में राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी समेत अन्य लोग घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गंगा नदी की बीच धारा में पहुंचते ही तेज हवा के कारण नाव डगमगाने लगी। नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे और बचाव के पर्याप्त उपकरण भी मौजूद नहीं थे। देखते ही देखते नाव पलट गई और कई लोग तेज धारा में बह गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद मल्लाहों और स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाकर 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button