‘तेहरान’ में नया है मधुरिमा तुली का किरदार, फिल्म में जॉन अब्राहम का नाम सुनते ही किया था यह काम

अभिनेत्री मधुरिमा तुली अपनी फिल्म ‘तेहरान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में उन्होंने जॉन अब्राहम के विपरीत जासूस काजल सिंघानिया का रोल निभाया है। फिल्म में अपने रोल के बारे में मधुरिमा ने कहा कि पिछली फिल्मों के मुकाबले इस फिल्म में उनका रोल एकदम अलग और नया है।
फिल्म में नया है मधुरिमा का रोल
बॉलीवुड बबल से बातचीत में मधुरिमा तुली ने कहा ‘मेरे पिछले किरदारों के मुकाबले तेहरान में मेरा रोल सबसे अलग और नया है। मैंन पहले काल्पनिक रोल जैसे राजकुमारी, पुलिस और योद्धा का किरदार निभाया था लेकिन इस फिल्म में असली रोल निभाया है। यह रोल किसी से प्रेरित नहीं है। इस रोल से मैंने जुड़ाव महसूस किया है।’
फिल्म में काम करने के लिए तुरंत कहा हां
मधुरिमा ने बताया कि वह इस फिल्म में काम करने के लिए बहुत जल्दी तैयार हो गई थीं। उन्होंने कहा ‘तेहरान का पूरा सेट बहुत अच्छा था, चाहे वह मेरे साथी कलाकार हों, प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स हो या फिर कहानी हो। यह सच्ची घटना पर आधारित है। सब कुछ बहुत अच्छा था। इसलिए इस फिल्म को ना कहने के लिए मेरे पास कोई कारण नहीं था। जब मैंने सुना कि यह रोल जॉन के विपरीत है तो मैंने तुरंत इसके लिए हां कह दिया।’
जमीनी और भावनात्मक है रोल
मधुरिमा को लगता है कि तेहरान ने उन्हें एक जमीनी और भावनात्मक स्तर पर रोल निभाने का मौका दिया है। फिल्म में उन्होंने महिलाओं की ताकत को दर्शाया जो अपने प्रियजनों का सपोर्ट करती है।
तेहरान के बारे में
फिल्म ‘तेहरान’ सच्ची घटनाओं पर आधारित है। यह फिल्म रूस-यूक्रेन की जंग से जुड़ी है। फिल्म में जॉन अब्राहम, मानुषी छिल्लर, नीरू बाजवा, मधुरिमा तुली और एलनाज नौरोजी हैं। फिल्म का निर्देशन अरुण गोपालन ने किया है। इसके लेखक रितेश शाह और आशीष प्रकाश वर्मा हैं। यह फिल्म ओटीटी पर स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 अगस्त को रिलीज हुई।





