केजरीवाल का आरोप- भाजपा ने आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल किया, हिंदू सबसे ज्यादा ठगे गए

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट साझा कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हिंदू धर्म और भगवान राम-हनुमान को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपनी और भाजपा की विचारधारा की तुलना करते हुए भाजपा पर आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

केजरीवाल ने लिखा कि वह भगवान राम और भगवान हनुमान के भक्त हैं। वह उनकी पूजा करते हैं, उनके सामने सिर झुकाते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी आस्था भगवान में है, जबकि भाजपा के लोग भगवान राम और हनुमान को सत्ता और धन प्राप्त करने का माध्यम मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को भगवान का अपमान करने में भी संकोच नहीं होता।

एक अन्य पोस्ट में केजरीवाल ने भाजपा पर और भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जितना नुकसान और अपमान हिंदू धर्म का भाजपा ने किया है, उतना शायद भारत के हजारों वर्षों के इतिहास में बाहरी आक्रमणकारियों ने भी नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सबसे अधिक हिंदुओं को ही लूटा है और ऐसे लोग हिंदू धर्म पर कलंक हैं।

केजरीवाल के इन बयानों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा की ओर से फिलहाल इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button