करण जौहर ने समंदर से शेयर की तस्वीरें, बोले- ‘अगले साल 2.0 वर्जन के साथ सेट पर वापस आऊंगा’

निर्माता-निर्देशक करण जौहर अपनी फिल्मों के अलावा अपने फैशन स्टाइल को लेकर भी अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। लेकिन पिछले कुछ वक्त से करण जौहर अपने बदले लुक को लेकर खासा सुर्खियां बटोर रहे हैं। अब करण जौहर ने हाल ही में अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वो समंदर किनारे एंजॉय करते दिख रहे हैं। इन तस्वीरों में करण जौहर काफी स्लिम और स्लीक नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि इन तस्वीरों के सामने आने के बाद एक बार फिर उनके बदले लुक को लेकर चर्चा हो रही है।
करण ने बताया कैसा रहा पिछला साल
करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी तीन तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में करण समंदर के बीच में पोज देते नजर आ रहे हैं। तस्वीरें देखकर ऐसा लगता है कि वो किसी क्रूज पर सवार हैं। तस्वीरों में काफी दुबले-पतले नजर आ रहे करण ने इसके साथ एक लंबा-चौड़ा कैप्शन भी लिखा है। इस कैप्शन में करण ने लिखा है, “सूर्य, समुद्र और स्पष्टता। पिछला खुद के मूल्यांकन, खुलासों और संकल्पों वाला साल रहा। ऐसा लग रहा है जैसे मेरी जिंदगी का दूसरा चैप्टर शुरू हो गया है, जहां आप अपनी असली चीजों और भावनाओं को महत्व देते हैं और बाकी चीजों को आप धीरे-धीरे इमोशनली भूल जाते हैं।”
अगले साल सेट पर वापसी करेंगे करण
अपनी पोस्ट में करण अगले साल खुद के सेट पर वापसी करने की बात करते हुए लिखते हैं, “2026 वो साल है जब मैं सेट पर वापस आऊंगा। एक वादा जो मैंने खुद से किया है, क्योंकि वो न सिर्फ मेरी खुशी का ठिकाना है, बल्कि जिंदगी का मेरा एकमात्र मकसद भी है। पुराने जमाने के हिंदी सिनेमा की सभी जरूरी बातों के साथ कहानियां सुनाना, ये मेरे डीएनए में है तो इससे दूर क्यों भागूं। या क्यों उन लोगों को खुश करने की कोशिश करूं जिन्हें मैं जानता ही नहीं। ये सारे बातें कई विचारों का संगम लग सकती हैं। लेकिन ये बहुत स्पष्टता के साथ आती हैं।”





