मेट गाला में शामिल होने वाले इकलौते भारतीय डायरेक्टर बने करण जौहर

करण जौहर आज 54 साल के हो गए हैं। बॉलीवुड के सबसे सफल और स्टाइलिश फिल्ममेकर्स में गिने जाने वाले करण का सफर आसान नहीं रहा। बचपन में उनकी चाल, बोलने का तरीका और बॉडी लैंग्वेज का मजाक उड़ाया जाता था। लोग उन्हें ‘लड़कियों जैसा’ कहकर चिढ़ाते थे, जिसके कारण वे काफी समय तक अंडरकॉन्फिडेंट और इंट्रोवर्ट रहे।

करण ने कई इंटरव्यू में बताया था कि वे लोगों के बीच जाने से डरते थे। यहां तक कि उन्होंने अपने माता-पिता से झूठ बोलकर तीन साल तक वॉइस ट्रेनिंग ली, ताकि उनकी आवाज ज्यादा भारी और ‘मर्दाना’ लग सके। उस दौरान उन्होंने घरवालों को बताया था कि वे कंप्यूटर क्लास जा रहे हैं।

करण के माता-पिता भी नहीं चाहते थे कि वे फिल्म इंडस्ट्री में आएं। उनके पिता यश जौहर चाहते थे कि करण फैमिली बिजनेस संभालें। हालांकि फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के सेट पर शाहरुख खान ने करण को डायरेक्शन में हाथ आजमाने की सलाह दी। बाद में करण ने फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ बनाई, जो ब्लॉकबस्टर साबित हुई और उन्हें बॉलीवुड के टॉप डायरेक्टर्स में शामिल कर दिया।

करण ने ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी मल्टीस्टारर फिल्म भी बनाई। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म के गाने ‘बोले चूड़ियां’ की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन को डायरेक्ट करने के दबाव में वे सेट पर बेहोश हो गए थे। बाद में अमिताभ बच्चन ने उन्हें संभाला और हौसला बढ़ाया।

नेपोटिज्म को लेकर लगातार ट्रोल होने के बावजूद करण जौहर ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दीं और फैशन की दुनिया में भी खास पहचान बनाई। साल 2026 में वे मेट गाला के रेड कार्पेट पर चलने वाले पहले और एकमात्र भारतीय फिल्म डायरेक्टर बने। उनका खास लुक डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने तैयार किया था।

Related Articles

Back to top button