राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह की भूमिका को नहीं भुलाया जा सकता: अकबाल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को गोंडा स्थित भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के ओबीसी मोर्चा की ओर से किया गया, जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने कल्याण सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह केवल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ही नहीं थे, बल्कि वे राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नायकों में शामिल रहे। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और समाज के विकास को प्राथमिकता दी।
अकबाल बहादुर तिवारी ने कहा कि कल्याण सिंह ने राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह सनातन और हिंदू धर्म की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे और उनके विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कल्याण सिंह बाबरी ढांचे को मां भारती के माथे पर कलंक मानते थे। राम मंदिर आंदोलन के दौरान उनकी भूमिका को लेकर देशभर में उन्हें एक मजबूत नेता के रूप में देखा गया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया और प्रदेश के विकास में भी अहम योगदान दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी जिक्र करते हुए कहा कि योगी सरकार कल्याण सिंह के विचारों और उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ते हुए प्रदेश में विकास और सुशासन के लिए काम कर रही है। सरकार समाज के हर वर्ग के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान जिला महामंत्री केके श्रीवास्तव, रंजीत बाबा और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वीना राय ने भी कल्याण सिंह के जीवन, उनके संघर्ष और राजनीतिक योगदान पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रिंस चौरसिया ने किया, जबकि समापन राजाबाबू गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के संयोजक श्याम सुंदर मौर्य रहे। इस अवसर पर सूर्य नारायण तिवारी, अर्जुन तिवारी, हरीश शुक्ल, विवेकमणि श्रीवास्तव, धर्मेंद्र चौहान, रवींद्र कश्यप, आशीष त्रिपाठी, राजेश तिवारी, जितेंद्र पांडेय, विष्णु पांडेय, नंद किशोर नंदू, विद्याभूषण द्विवेदी और अमर पाठक समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





