छुट्टियों में भी न्याय का पहरा, CJI सूर्यकांत बोले सुप्रीम कोर्ट रहेगा सक्रिय

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने शुक्रवार को कहा कि सुप्रीम कोर्ट क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के दौरान भी अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छुट्टियों के पहले दिन 22 दिसंबर को वे स्वयं जरूरी मामलों की सुनवाई के लिए बेंच में बैठने को तैयार हैं।
तत्काल मामलों की सूची पर सुनवाई कर रही मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ, जिसमें न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली भी शामिल थे, ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले मामलों की तात्कालिकता की जांच करेगा और उसके बाद ही उन्हें सूचीबद्ध किया जाएगा।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा, “हम सोमवार को बैठेंगे। मैं अन्य न्यायाधीशों पर बोझ नहीं डालना चाहता, जिन्हें नए मामलों की सुनवाई के लिए देर रात तक फाइलें पढ़नी पड़ती हैं। मैं किसी दूसरी बेंच को परेशान नहीं करूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि यह तय नहीं है कि एक या दो बेंच बैठेंगी, यह मामलों की संख्या पर निर्भर करेगा और बेंच गठन को लेकर उचित आदेश पारित किए जाएंगे।
सीजेआई सूर्यकांत ने 22 दिसंबर को सूचीबद्ध मामलों में कनिष्ठ वकीलों से भी स्वयं बहस करने को कहा। उन्होंने एक कनिष्ठ वकील से कहा कि मामले की सुनवाई तभी होगी, जब वे खुद अदालत में उपस्थित होकर पक्ष रखेंगे।
सुप्रीम कोर्ट क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के चलते 22 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक बंद रहेगा। इस दौरान शुक्रवार को अवैध फोन टैपिंग मामले में मुख्य आरोपी और तेलंगाना के खुफिया विभाग के पूर्व प्रमुख टी. प्रभाकर राव की याचिका पर सुनवाई होनी है। इसके अलावा ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मामले की सुनवाई भी अदालत में सूचीबद्ध है।





