वन विभाग और रेलवे की संयुक्त जांच शुरू, ट्रैक पर यातायात प्रभावित

असम के होजाई जिले में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सैरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। इस दुर्घटना में 7 हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में ट्रेन का इंजन और 5 कोच भी पटरी से उतर गए, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह हादसा सुबह करीब 2:17 बजे चांगजुराई गांव के पास, लुमडिंग डिवीजन के जमुनामुख–कांपुर सेक्शन में हुआ। शुरुआत में 8 हाथियों की मौत की खबर आई थी, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि एक हाथी का बच्चा जीवित है और उसका इलाज चल रहा है। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अनुसार यह इलाका अधिसूचित हाथी कॉरिडोर नहीं है।

नगांव के डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर सुहास कदम ने बताया कि इलाके में घना कोहरा था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी और इसी कारण हादसे की आशंका जताई जा रही है। लोको पायलट ने हाथियों को अचानक ट्रैक पर देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन रुक नहीं सकी।

हादसे के बाद पटरी से उतरे कोचों के यात्रियों को सुरक्षित रूप से अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया। प्रभावित कोचों को हटाने के बाद ट्रेन करीब 4 घंटे की देरी से सुबह 6:11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई। गुवाहाटी पहुंचने पर ट्रेन में अतिरिक्त कोच जोड़े गए, जिसके बाद आगे की यात्रा जारी रखी गई।

वन विभाग की टीम ने मृत हाथियों का पोस्टमॉर्टम शुरू कर दिया है, जबकि घायल हाथी का इलाज पशु चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। रेलवे और वन विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर मौजूद हैं और ट्रैक बहाली का कार्य जारी है।

Related Articles

Back to top button