ओपनिंग डे पर कैसा रहा ‘उदयपुर फाइल्स’ का प्रदर्शन, क्या अक्षय के नाम का फायदा उठा पाई ‘अंदाज 2’?

शुक्रवार यानी 8 अगस्त को सिनेमाघरों में दो फिल्में ‘उदयपुर फाइल्स’ और ‘अंदाज 2’ रिलीज हुई हैं। फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ की रिलीज से पहले काफी हंगामा हुआ। इस फिल्म का मामला हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। हालांकि फिल्म को विवाद का कोई फायदा नहीं मिला। इसी तरह से ‘अंदाज 2’ भी कुछ खास नहीं कर सकी। आइए जानते हैं दोनों फिल्मों ने कितना कारोबार किया है।

‘उदयपुर फाइल्स’ को नहीं हुआ विवाद का फायदा
विजय राज और प्रीति झंगियानी की अदाकारी वाली फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ आठ अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। पहले दिन फिल्म ने 27 लाख रुपय का कारोबार किया। फिल्म के निर्देशक भारत एस. श्रीनाथे और जयंत सिन्हा हैं। फिल्म में कन्हैया लाल की कहानी दिखाई गई है। वह राजस्थान के उदयपुर में रहते थे। दो लोगों ने उनकी सिलाई की दुकान पर 2022 में हत्या कर दी थी। फिल्म में विजय राज ने कन्हैया लाल का किरदार निभाया है। फिल्म की रिलीज पर पहले रोक लगा दी गई थी। इसके बाद इसे कुछ शर्तों के साथ रिलीज की इजाजत मिली।

लाखों में सिमटी ‘अंदाज 2’
आयुष कुमार, आकिशा और नताशा फर्नांडीज की अदाकारी वाली फिल्म ‘अंदाज 2’ भी 8 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। पहले दिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ ज्यादा कमाल नहीं कर सकी। फिल्म ने पहले दिन महज 12 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके निर्देशक सुनील दर्शन हैं। रोमांटिक ड्रामा फिल्म साल 2003 में आई फिल्म ‘अंदाज’ का सीक्वल है। फिल्म में दिखाया गया है कि आयुष कुमार संगीतकार बनना चाहता है। हालांकि उसे उसके परिवार से सपोर्ट नहीं मिलता है। बाद में उसकी जिंदगी तब बदल जाती है जब उससे दो औरतें मिलती हैं।

‘महावतार नरसिम्हा’ ने किया कमाल
इन दिनों सिनेमाघरों में पहले से ‘सन ऑफ सरदार’, ‘धड़क 2’, ‘महावतार नरसिम्हा’, ‘सैयारा’ और ‘किंगडम’ चल रही हैं। इनमें शुक्रवार को ‘महावतार नरसिम्हा’ ने सबसे ज्यादा 8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

Related Articles

Back to top button