अलवर संभाग के अधिकारियों संग उच्चस्तरीय बैठक, विकास कार्यों पर चर्चा

अलवर के मिनी सचिवालय में रविवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की मौजूदगी में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के कलेक्टर, एसपी, विधायक, राज्य वन मंत्री संजय शर्मा और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर को सीट नहीं मिलने पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई।
बैठक शुरू होने से पहले कलेक्टर सभागार में पहुंचे जनप्रतिनिधियों से जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने कहा कि जिनके नाम की नेम प्लेट लगी है, वही बैठक में बैठेंगे, बाकी लोग बाहर इंतजार करें। इसके बाद जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर को सभागार से बाहर जाना पड़ा और वे गेट पर खड़े रहे।
कुछ देर बाद जब केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव बैठक में पहुंचे तो उन्होंने जिला प्रमुख को बाहर खड़ा देखा। इस पर उन्होंने कलेक्टर से जिला प्रमुख को भी बैठक में शामिल करने के निर्देश दिए। इसके बाद बलवीर छिल्लर को अंदर बुलाया गया और वे विधायक जसवंत यादव की नेम प्लेट लगी सीट पर बैठ गए, क्योंकि उस समय विधायक बैठक में मौजूद नहीं थे।
गौरतलब है कि जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर और कलेक्टर आर्तिका शुक्ला के बीच पिछले कुछ समय से तनातनी चल रही है। हाल ही में जिला परिषद की बैठक में कलेक्टर की अनुपस्थिति को लेकर जिला प्रमुख ने नाराजगी जताई थी और उनके खिलाफ प्रस्ताव भेजने की बात भी कही थी। उसी विवाद की झलक इस बैठक में भी देखने को मिली।





