हेलेन का बड़ा खुलासा: स्टाइल आइकन बनने के लिए विदेश तक किया सफर, बताया कैसे रखती थीं खुद को अलग

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और मशहूर डांसर हेलेन ने अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि वह अपने डांस और फैशन को सबसे अलग बनाने के लिए विदेशों तक जाती थीं। उनका कहना है कि वह हमेशा चाहती थीं कि उनके कॉस्ट्यूम और स्टाइल दर्शकों को कुछ नया और अनोखा महसूस कराएं।

एक टीवी शो में बातचीत के दौरान हेलेन ने बताया कि वह अपने लुक की हर छोटी-बड़ी चीज पर खुद ध्यान देती थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में भारत में कई फैशन एक्सेसरीज उपलब्ध नहीं थीं, इसलिए वह विदेशों से खास सामान लेकर आती थीं। लंदन से उन्होंने रंगीन कॉन्टैक्ट लेंस और विशेष आईलैश खरीदे, जबकि अपने कॉस्ट्यूम के लिए असली पंख लेने पेरिस तक गईं।

हेलेन ने बताया कि उनकी ज्वेलरी, बड़े गॉगल्स और अन्य एक्सेसरीज भी उन्होंने खुद चुनीं ताकि उनका हर परफॉर्मेंस अलग पहचान बना सके। उन्होंने कहा, “मैं चाहती थी कि मेरा स्टाइल सबसे अलग हो और मैं समय से आगे नजर आऊं।”

कार्यक्रम के दौरान अभिनेता जावेद जाफरी ने भी हेलेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने हिंदी सिनेमा में ग्लैमर और डांस की प्रस्तुति का अंदाज बदल दिया। उनके बोल्ड कॉस्ट्यूम, आत्मविश्वास से भरे प्रदर्शन और स्क्रीन प्रेजेंस ने कई पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित किया।

वहीं अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने भी हेलेन से जुड़ी याद साझा करते हुए बताया कि उनकी मां कहती थीं, जब भी हेलेन सेट पर पहुंचती थीं तो पूरा माहौल सम्मान में शांत हो जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि हेलेन बेहद कम समय में डांस स्टेप्स सीख लेती थीं, जो उनके प्रोफेशनलिज्म और प्रतिभा का प्रमाण था।

Related Articles

Back to top button