गहलोत ने की जयपुर हादसे की न्यायिक जांच की मांग, बोले,दोषियों को सजा मिलनी चाहिए

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के वरिष्ठ कांग्रेस पर्यवेक्षक के रूप में रवाना हुए। वे उदयपुर एयरपोर्ट से चित्तौड़गढ़ होते हुए देवरी पहुंचे, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कई गंभीर मुद्दों पर अपनी बात रखी।

सूरज माली मामले पर नाराजगी
गहलोत ने सबसे पहले कपासन के सूरज माली मामले का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में अहमदाबाद जाकर उन्होंने सूरज माली से मुलाकात की। गहलोत ने कहा कि उन्हें हैरानी है कि मुख्य आरोपी को केवल एक दिन में जेल भेज दिया गया और उससे पूछताछ तक नहीं की गई। उन्होंने प्रशासन से पूरा वादा पूरा करने और इलाज खर्च उठाने की उम्मीद जताई।

जयपुर अग्निकांड पर न्यायिक जांच की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने जयपुर अग्निकांड को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “इतना बड़ा मिसमैनेजमेंट मैंने अपने जीवन में नहीं देखा। परिजन अपने परिजनों की लाशें तक नहीं पहचान पा रहे थे। प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली।” उन्होंने कहा कि इस मामले में न्यायिक जांच (Judicial Inquiry) जरूरी है, क्योंकि केवल इससे ही सच्चाई सामने आ सकती है।

प्रदेश सरकार पर निशाना
गहलोत ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा, “राज्य सरकार के पास अपनी कोई ताकत नहीं बची है। मुख्यमंत्री तो दूर, MLA और MP की भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। जनता को राहत नहीं मिल रही है।” उन्होंने स्कूलों में गिरती छतों के मामलों का भी जिक्र किया और कहा कि स्थायी ज्यूडिशियल कमीशन बनाकर जिम्मेदारों का पता लगाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button