जेएन मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, काम पर लौटे, इमरजेंस-ओपीडी हुई शुरू

अलीगढ़ : एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में 28 अगस्त की रात को हड़ताल पर गए जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 30 अगस्त की तड़के 3 बजे खत्म हो गई। सभी डॉक्टर 30 घंटे बाद काम पर लौट आए। मेडिकल की इमरजेंसी और ओपीडी आदि में इलाज शुरू हो गया है।

28 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे बीएएलएलबी के छात्र अपने साथी का इलाज कराने के लिए इमरजेंसी में गए थे। यहां शीघ्र उपचार को लेकर जूनियर डॉक्टरों से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। इस घटना के बाद डॉक्टरों ने इमरजेंसी की सेवाएं ठप कर दीं थीं। गेट पर ताला लगा दिया गया था। रात को ही अफसरों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बात बनी नहीं। 29 अगस्त को भी चिकित्सकों को मनाने की कोशिशें होती रहीं, लेकिन दूसरे दिन भी डॉक्टर हड़ताल पर बने रहे। बात बढ़ने पर डॉक्टरों के साथ मारपीट करने के आरोपी बीएएलएलबी तृतीय वर्ष के छात्र मोहम्मद मुज्तबा को निलंबित कर दिया गया।

तीसरे दिन 30 अगस्त की सुबह 3 बजे जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त हो गई। डॉक्टरों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। डॉक्टरों की सुरक्षा को भी बढ़ाने को लेकर उन्हें आश्वस्त किया गया। जिसके बाद इमरजेंसी खोल दी गई और इलाज शुरू हो गया। सुबह ओपीडी में भी काम शुरू हो गया। तब जाकर कहीं मरीज और तीमारदारों को सुकून मिला।

Related Articles

Back to top button