ड्राइवर को आई झपकी, पलटी ईको कार; नागौर में डांस इवेंट कंपनी के 2 कर्मचारियों की मौत

नागौर जिले में बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। ड्राइवर को झपकी आने से एक ईको कार बेकाबू होकर नेशनल हाईवे पर पलट गई। हादसे में डांस इवेंट कंपनी से जुड़े 10 लोगों में से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा थांवला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-89 (अजमेर–बीकानेर मार्ग) पर गुड्डा और टेहला गांव के बीच बुधवार सुबह करीब 4 बजे हुआ।

जयपुर से बालोतरा जा रही थी इवेंट टीम
जानकारी के अनुसार ईको कार जयपुर से बालोतरा की ओर जा रही थी। कार में सवार सभी लोग एक डांस इवेंट कंपनी से जुड़े थे और बालोतरा में आयोजित एक शादी समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने जा रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया।

हादसा इतना भीषण कि कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना गंभीर था कि ईको कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर और पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत टेहला के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 घायलों को अजमेर स्थित जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया।

दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे में देव जलंदर और अमर झांसी नामक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही थांवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटनाग्रस्त ईको कार को सड़क से हटवाकर थाने ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button