रिलीज हुआ दो दीवाने सहर में का टीज़र, प्यार में डूबे दिखे सिद्धांत और मृणाल

फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ का रोमांटिक टीज़र रिलीज हो चुका है। टीज़र में सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की शानदार लव केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। संजय लीला भंसाली के भंसाली प्रोडक्शंस और जी स्टूडियोज के बैनर तले बनी यह फिल्म वैलेंटाइन सीज़न में दर्शकों के लिए प्यार और भावनाओं की नई कहानी लेकर आ रही है।
टीज़र की शुरुआत फिल्म घरौंदा के मशहूर गीत ‘दो दीवाने शहर में’ की बैकग्राउंड धुन से होती है, जो इसे एक अलग ही भावनात्मक रंग देती है। लगभग एक मिनट लंबे इस टीज़र में शुरुआत में रोमांस की मिठास दिखती है, लेकिन आखिरी कुछ सेकेंड में कहानी दर्द और अधूरेपन की झलक भी दिखाती है। मेकर्स ने टीज़र में प्यार और पीड़ा—दोनों भावनाओं को बखूबी पिरोया है।
निर्देशक रवि उदयावर, जो इससे पहले मॉम जैसी चर्चित फिल्म बना चुके हैं, इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। टीज़र शेयर करते हुए निर्माताओं ने कैप्शन में लिखा,
“क्योंकि हर ‘इश्क़’ परफेक्ट नहीं होता, पर काफी होता है। इस शहर की एक अधूरी लेकिन पूरी प्रेम कहानी के साक्षी बनिए।”
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘दो दीवाने सहर में’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसे अभिरुचि चंद ने लिखा है। फिल्म का निर्माण संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भरत कुमार रंगा ने किया है। यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की स्टार कास्ट
फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा ईला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयशा रजा, विराज गेहलानी, संदीपा धर, दीपराज राणा, मोना अम्बेगांवकर, अचिंत कौर और नवीन कौशिक भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।





