अलवर में 150 फीट गहरे कुएं में गिरने से दिव्यांग युवक की मौत, खुले कुओं पर उठे सवाल

अलवर जिले में बुधवार दोपहर बारिश की फिसलन के कारण 35 वर्षीय दिव्यांग युवक 150 फीट गहरे कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ततारपुर थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर में हुआ। मृतक रेलवे पटरी के पास ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है, जो बचपन से ही पैर से दिव्यांग था। उसके चाचा ने बताया कि गांव में चार से पांच खुले कुएं हैं और इसी में फिसलकर गिरने से उसकी जान चली गई। परिजनों के अनुसार इन खुले कुओं के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
अनिल अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गया है। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुओं को सुरक्षित ढकने और ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है।





