अतरौली में फैला डायरिया, कई मोहल्लों में 100 बीमार, 10 मरीजों को अलीगढ़ किया रेफर

अलीगढ़: अतरौली नगर के मोहल्ला नगाइचपाड़ा और उसके आसपास के मोहल्लों में डायरिया फैल गया है। इसमें करीब 100 लोग डायरिया पीड़ित हैं। 40 के करीब मरीज 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती हैं। 10 मरीजों को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
अतरौली के मोहल्ला नगाईचपाड़ा में 9 अगस्त शाम से लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत महसूस हुई। कुछ लोगों ने निजी चिकित्सकों से दवा ली लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ती गई। रात 10 बजे तक करीब 40 मरीज 100 शैय्या अस्पताल में पहुंच गए। उन्हें भर्ती किया गया। कई मरीजों को अलीगढ़ रेफर किया गया। 10 अगस्त सुबह भी अलग अलग मोहल्लों के लोग अस्पताल पहुंचे। करीब 10 महिला पुरुष और बच्चों को भर्ती किया गया। चिकित्साधिकारी डॉ सुल्तान अहमद ने बताया कि पानी या कुछ खाने की चीज से लोग बीमार हुए हैं। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है। मरीजों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है।
ये लोग हुए बीमार
रिजवान, अनेकी, नेहा, रिसाल नगाईचपाड़ा, रामबेटी, मोहम्मद उमर, वंशिका, पदमा देवी, कपिल भानपाड़ा, इनाया पक्कीगढ़ी, विनोद सराय भोजराज, अंश गांधीगली, गुरुजी, बंदू , साबरा ऊंचान, अदनान चौधरियान, सुशील, मनी सैनी, विनोद, वर्षा वर्मा सराय देवीदास, लोकेश, वर्षा खत्रीपाडा, अयाज सराय नूर, वंशिका बड़ा बाजार आदि बीमार हुए हैं।
अस्पताल में नहीं था पर्याप्त स्टाफ
रक्षा बंधन के त्यौहार को देखते हुए अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टर और स्टाफ को रुकने के आदेश थे। लेकिन अस्पताल में शनिवार से रविवार तक महज एक एक डॉक्टर ही तैनात रहे। तीमारदार विजय कुमार ने बताया कि शनिवार रात 11 बजे के बाद अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं था जबकि वार्ड में भरी मरीज कराह रहे थे और नए मरीज दवा लेने लगातार आ रहे थे। मरीजों को देखने के लिए कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।
दूषित पानी से डायरिया फैलने की आशंका
नगर पालिका द्वारा नगाईचपाड़ा पानी की टंकी से इन मोहल्लों में वाटर सप्लाई है। रिजवान, आकाश, रिसाल आदि मरीजों ने बताया कि दूषित पानी के कारण डायरिया फैला है। जिन मोहल्लों में पानी की सप्लाई है उन्हीं में मरीज बीमार हुए है। नगर पालिका के सहायक अभियंता जलकल अजीत यादव ने बताया कि इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। फिर भी पानी की जांच आदि कराई जाएगी।





