कांग्रेस ने मलयेशियाई पीएम का पुराना पोस्ट शेयर कर पीएम मोदी पर साधा तंज

आसियान शिखर सम्मेलन के शुरू होने से ठीक पहले कांग्रेस ने रविवार को मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को दी गई श्रद्धांजलि को याद किया। कांग्रेस ने कहा कि यह संदेश “ऐसी सच्ची दोस्ती को दर्शाता है जो कभी प्रचारित या दिखावा नहीं की गई।”

कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वह पोस्ट साझा किया, जो अनवर इब्राहिम ने पिछले साल दिसंबर में मनमोहन सिंह के निधन के बाद लिखा था। इस पोस्ट में इब्राहिम ने लिखा था कि “मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर सुनकर मेरे ऊपर गम का बोझ आ गया। उन्हें भारत के आर्थिक सुधारों के वास्तुकार के रूप में याद किया जाएगा।”

मलयेशियाई पीएम ने मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वे भारत के आर्थिक उदय के सूत्रधार थे। उन्होंने याद किया कि 1990 के दशक में जब दोनों अपने-अपने देशों के वित्त मंत्री थे, तब उन्होंने उनके सुधारों की झलक देखी थी। इब्राहिम ने यह भी कहा कि मनमोहन सिंह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में एकजुट थे और उन्होंने बड़े भ्रष्टाचार मामलों को उजागर करने में सहयोग किया।

अनवर इब्राहिम ने अपने निजी रिश्ते का भी जिक्र किया और बताया कि उनकी कैद के दौरान मनमोहन सिंह ने उनके परिवार के प्रति सहायता और दया दिखाई थी। उन्होंने कहा, “मनमोहन मेरे सच्चे मित्र की तरह मेरे साथ खड़े रहे। ऐसे शांत लेकिन महान कार्य उनके जीवन की पहचान थे।”

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलयेशिया नहीं गए हैं और आसियान शिखर सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से भाग ले रहे हैं। यह सम्मेलन 26 से 28 अक्तूबर तक कुआलालंपुर में आयोजित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button