चुनावी माहौल गरमाते ही कांग्रेस ने बीजेपी को दी ये बड़ी सलाह, भ्रष्टाचार के …
चुनावी माहौल गरमाते ही भाजपा-कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर एकदूसरे को घेरना शुरु कर दिया। बीते रोज भाजपा ने कांग्रेस को उसके कार्यकाल के घोटाले कपर आत्ममंथन करने को कहा था।
आज कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने पलटवार करते भाजपा को चुनौती दे दी। गुरुवार को राजीव भवन में मीडिया के साथ बातचीत में कुमार ने कहा कि वर्तमान में भाजपा में मंत्री डॉ. हरक सिंह रॉवत, सतपाल महाराज और पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने वर्ष 2007-12 में तत्कालीन भाजपा सरकार पर 419 घोटालों का आरोप लगाया था। वर्तमान केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने नेता प्रतिपक्ष रहते हुए सदन में पॉलीहाउस घोटाला उठाया था। उन्होंने इसका आरोप जिस मंत्री पर लगाया था वो भी भाजपा में उच्च पद पर सुशोभित हैं।
क्या भाजपा कांग्रेस के डीएनए वाले मंत्रियों द्वारा लगाए भ्रष्टाचार के आरोपों से सहमत है? सदन की कार्यवाही में साफ साफ दर्ज है भाजपा ने कुछ नेताओं को आपदा का हत्यारा, सन ऑफ सरदार, आपदा टूरिज्म करने वाले करार दिया था। आज भाजपा उन्हें ही सिर माथे बिठाए हुए है। यदि हां, तो उन 419 घोटालों पर जवाब दे।
सुरेंद्र ने शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय को भी घेरा और कहा कि बीते रोज पांडेय का बयान आया था कि प्रदेश को लोकायुक्त की जरूरत नहीं है। सीएम को इस मामले में स्पष्ट करना चाहिए कि क्या पांडेय का बयान कैबिनेट की सामूहिक राय है? क्योंकि इसी भाजपा ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि सत्ता में आने पर लोकायुक्त बनाएंगे।