सीएम योगी ने कांग्रेस-सपा की ‘फूट डालो, हुकूमत करो’ नीति पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” नीति आज भी अपनाए हुए हैं। ये दल समाज में जाति, पंथ और मजहब के आधार पर फूट डालने का काम कर रहे हैं।

सीएम योगी ने सरदार पटेल की दूरदृष्टि और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने 563 रियासतों को भारत गणराज्य में विलय कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। उन्होंने भाजपा और केंद्र व राज्य सरकारों की उस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी, जो ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करने के लिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर को प्रदेश भर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन होगा। इसके बाद 1 से 26 नवंबर तक हर विधानसभा क्षेत्र में 8–10 किलोमीटर लंबी ‘एकता पदयात्रा’ निकाली जाएगी। इसमें आर्मी के रिटायर्ड जवान, अन्नदाता, श्रमिक, भाजपा के अनुशांगिक संगठन, एनएसएस, एनसीसी और स्काउट-गाइड सभी शामिल होंगे।

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘नेता जी सुभाष चंद्र बोस अमर रहें’ के जयघोष किए जाएंगे। हर दो किलोमीटर पर पड़ाव आयोजित कर समाज से संवाद कर एकता का संदेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button