CJP Protest Live: बातचीत से निकलेगा समाधान? सरकार-सीजेपी की तीसरी बैठक, तीन मेट्रो स्टेशन बहाल

नई दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के बीच सरकार और संगठन के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का तीसरा दौर जारी है। इस बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को यात्रियों के लिए फिर से खोल दिया है।
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा भेजने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश के छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो और मौजूदा हालात का राष्ट्रविरोधी तत्व फायदा न उठाएं, इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने इसे “छात्र एकता और लोकतंत्र की जीत” बताया। उन्होंने कहा कि संगठन की दो प्रमुख मांगें अब भी बाकी हैं—20 जुलाई की कथित लाठीचार्ज घटना में शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा।
वहीं, शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष की सफलता है।
उधर, जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र से एनडीएमसी ने अब तक करीब 27 मीट्रिक टन कचरा हटाया है। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले 400 से अधिक सोशल मीडिया हैंडल की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करने की जानकारी दी है। पुलिस ने सेना की तैनाती, मौत और अन्य वायरल दावों को फर्जी बताते हुए लोगों से केवल सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।





