यूरिया की कालाबाजारी का खुलासा… विक्रेता पर केस दर्ज, कृषि विभाग ने की कार्रवाई

बलरामपुर:  यूपी के बलरामपुर में कृषि विभाग की कार्रवाई से तुलसीपुर क्षेत्र में सरकारी अनुदानित यूरिया की कालाबाजारी का खुलासा हुआ है। जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर हरैया सतघरवा थाने में पुलिस ने एक खाद विक्रेता के खिलाफ केस दर्ज किया है।

विभाग को शिकायत मिल रही थी कि क्षेत्र में निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर यूरिया बेची जा रही है। इस पर 20 अगस्त को जांच शुरू की गई। 21 अगस्त को दीनानगर बहादुरपुर स्थित मेसर्स मो. इकबाल खान के प्रतिष्ठान पर छापा डाला गया।

निरीक्षण में पीओएस मशीन पर दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध यूरिया में भारी गड़बड़ी पाई गई। प्रतिष्ठान में पांच बोरी अतिरिक्त यूरिया बरामद हुई। विक्रेता स्टॉक पंजिका व वितरण पंजिका भी प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही खाद को निर्धारित दर से ज्यादा कीमत पर बेचने और स्टॉक बोर्ड पर अनिवार्य विवरण दर्ज न होने की पुष्टि हुई।

नियमित जांच से कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा
जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि यह किसानों का सीधा शोषण है। सरकारी अनुदान का दुरुपयोग है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू की गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। किसान संगठनों का कहना है कि इस तरह की नियमित जांच से कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा।

Related Articles

Back to top button