कार रेस बनी हादसे की वजह, कारोबारी के बेटे ने 7 पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर

मेरठ में ऑटो पार्ट्स कारोबारी के बेटे की लापरवाही ने बड़ा हादसा कर दिया। तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े सात पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी, जिससे सभी घायल हो गए। हादसे में एक कांस्टेबल का पैर टूट गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे की है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में गश्त पर निकली पुलिस टीम टीपीनगर गेट के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर पुलिसकर्मियों को रौंदते हुए पुलिस जीप से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ पुलिसकर्मी कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जांच में सामने आया है कि कारोबारी रमन जोली के बेटे नमन जोली और अमन जोली अपनी इनोवा और थार गाड़ी से दिल्ली हाईवे पर रेस लगा रहे थे। ओवरटेक करने की होड़ में इनोवा बेकाबू हो गई और हादसा हो गया।
घायलों में हेड कांस्टेबल रविंद्र मलिक समेत सात पुलिसकर्मी शामिल हैं। रविंद्र मलिक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उनका ऑपरेशन किया गया है। दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि हादसे में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अवकाश भी दिया गया है।
घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार पुलिसकर्मियों को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है।





