कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह बोले- डिंपल पर मौलाना रशीदी की टिप्पणी निंदनीय, अखिलेश यादव की चुप्पी चिंतनीय

बरेली: बरेली में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार देर शाम सर्किट हाउस में सपा सुप्रीमो का नाम लेकर कहा कि वह मुस्लिम वोट लेने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वह अपनी धर्मपत्नी के लिए मुंह नहीं खोल पा रहे हैं। नारी मां, बहन, पत्नी के रूप में होती है। नारी के सम्मान की अनदेखी कोई नहीं कर सकता। जिस तरह से मौलाना साजिद रशीदी ने सांसद डिंपल यादव पर टिप्पणी की है, वह बेहद अशोभनीय और निंदनीय है। इस मामले में सपा सु्प्रीमो की चुप्पी चिंतनीय है।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान संसद सत्र में विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाया। कहा कि विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं हैं। वह जनता को भ्रमित कर वोट लेना चाहता है। मोदी के नेतृत्व में देश एक भारत-श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा है। हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं।
सपा को बताया छलनी
मंत्री ने कानून-व्यवस्था के मामले में सपा को छलनी बताया। कहा- सूप बोले तो बोले, पर छलनी को क्या हक? सपा सरकार में कानून था ही नहीं। गुंडई होती थी। जिसकी चाही जमीन कब्जा कर लिया। किसी की बहन-बेटी को बेइज्जत कर दिया। जहां जिसको चाहा, पीट दिया। आज सीएम योगी को दूसरे देशों में कानून का राज कायम करने वाले नेता के रूप में देखा जाता है। यही कारण है कि यूपी में सर्वाधिक पूंजी निवेश हुआ है। बरेली में तीन बड़ी फैक्टरियां लाए हैं। इसमें गंगा चीनी मिल, एक हजार करोड़ की डेयरी इंडस्ट्री और एथेनॉल संयंत्र शामिल हैं।