c400 से ज्यादा एपिसोड के बाद भी क्यों बरकरार है इसका जादू?

90 के दशक में बच्चों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय रहे टीवी शो ‘शक्तिमान’ को आज 29 साल पूरे हो गए हैं। 13 सितंबर 1997 को दूरदर्शन पर इसका पहला एपिसोड प्रसारित हुआ था। करीब तीन दशक बाद भी मुकेश खन्ना का निभाया यह सुपरहीरो किरदार लोगों की यादों में खास जगह बनाए हुए है।

उस दौर में रविवार को दोपहर 12 बजे शक्तिमान देखने का अलग ही क्रेज था। कई घरों में बच्चे शो शुरू होने से पहले ही टीवी के सामने बैठ जाते थे। सोशल मीडिया और ओटीटी के दौर से काफी पहले शक्तिमान ने छोटे पर्दे पर ऐसा असर छोड़ा, जिसे आज भी 90 के दशक की यादों से जोड़कर देखा जाता है।

भारत को मिला अपना देसी सुपरहीरो

आज बच्चों के बीच सुपरमैन, स्पाइडर-मैन, बैटमैन और आयरन मैन जैसे कई विदेशी सुपरहीरो लोकप्रिय हैं, लेकिन 90 के दशक में शक्तिमान भारतीय बच्चों के लिए अपना सुपरहीरो था। शो की कहानी में शक्तिमान को मानवता की रक्षा के लिए चुना गया व्यक्ति बताया गया था, जिसने ध्यान, साधना और पंचतत्वों पर नियंत्रण हासिल किया था।

यही भारतीय मूल्यों से जुड़ा अंदाज इस किरदार को बाकी सुपरहीरो से अलग बनाता था।

मुकेश खन्ना ने निभाया डबल रोल

शक्तिमान के किरदार को मुकेश खन्ना ने निभाया था। शो में वह एक साथ दो भूमिकाओं में नजर आए। एक तरफ उनका गंभीर और शक्तिशाली सुपरहीरो अवतार था, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने मजेदार किरदार गंगाधर की भूमिका निभाई।

शो के अन्य किरदार भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए। सुरेंद्र पाल ने तमराज किलविश, वैष्णवी महंत ने गीता विश्वास, टॉम एल्टर ने महागुरु और ललित परिमू ने डॉ. जैकाल का किरदार निभाया।

आठ साल तक चला शो

‘शक्तिमान’ का पहला एपिसोड 13 सितंबर 1997 को प्रसारित हुआ था, जबकि आखिरी एपिसोड 27 मार्च 2005 को टेलीकास्ट हुआ। इस दौरान शो के 400 से ज्यादा एपिसोड प्रसारित हुए और करीब आठ साल तक इसने छोटे पर्दे पर अपनी पकड़ बनाए रखी।

शक्तिमान की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसके प्रसारण के समय कई मोहल्लों की गलियां तक शांत हो जाती थीं। बच्चे अपना खेल-कूद और दूसरे काम छोड़कर शो देखने के लिए टीवी के सामने पहुंच जाते थे।

बच्चों ने की शक्तिमान बनने की कोशिश

शो की लोकप्रियता के साथ इसका एक दूसरा पहलू भी सामने आया। कुछ बच्चों ने शक्तिमान के स्टंट और उड़ने की नकल करने की कोशिश की। उस दौर में बच्चों के छत से कूदने और खुद को शक्तिमान समझने जैसी घटनाओं की खबरें भी सामने आई थीं।

हालांकि, मुकेश खन्ना ने कई मौकों पर स्पष्ट किया कि शो के बंद होने की असली वजह बच्चों द्वारा स्टंट की नकल करना नहीं थी। उनके मुताबिक आर्थिक और प्रसारण से जुड़ी समस्याएं शो के बंद होने की वजह बनीं।

अब बड़े पर्दे पर आने की चर्चा

29 साल बाद भी शक्तिमान को लेकर लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है। शो पर फिल्म बनाए जाने की चर्चा भी लंबे समय से होती रही है। सोनी पिक्चर्स की ओर से शक्तिमान पर फिल्म बनाने की खबरें सामने आती रही हैं।

रणवीर सिंह के शक्तिमान का किरदार निभाने की चर्चाएं भी हुई हैं। हालांकि, मुकेश खन्ना इस कास्टिंग को लेकर अपनी असहमति जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में यह देखना बाकी है कि भारतीय टीवी का यह लोकप्रिय सुपरहीरो आखिर कब बड़े पर्दे पर नजर आता है।

Related Articles

Back to top button