टीम इंडिया चयन पर बड़ा संकेत, वनडे में पंत बाहर, केएल राहुल को मिल सकती है जिम्मेदारी

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अगले महीने खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान जल्द किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीरीज के लिए ऋषभ पंत का चयन मुश्किल माना जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, चयनकर्ताओं ने वनडे फॉर्मेट में टीम संयोजन को देखते हुए पंत से आगे बढ़ने का मन बना लिया है। यदि पंत को मौका नहीं मिलता है, तो विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के लिए टीम इंडिया में वापसी के दरवाजे खुल सकते हैं।

ईशान को हाल ही में मिला था मौका

ईशान किशन को हाल ही में टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। वहीं, ऋषभ पंत ने भारत के लिए आखिरी वनडे मुकाबला 7 अगस्त 2024 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। इसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल तो थे, लेकिन उन्हें किसी भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला।

घरेलू क्रिकेट में ईशान का शानदार फॉर्म

पंत की संभावित अनुपस्थिति में ईशान किशन वनडे टीम में जगह बनाने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी वनडे वनडे विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वह वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं।

ईशान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाए और झारखंड को पहली बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल में उन्होंने हरियाणा के खिलाफ शतक जड़ा था। इसके अलावा, विजय हजारे ट्रॉफी में भी ईशान ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक लगाया, जो किसी भारतीय बल्लेबाज का लिस्ट-ए क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज शतक है।

गिल की कप्तानी में वापसी संभव

दूसरी ओर, चोट से उबरने के बाद शुभमन गिल की वनडे टीम में कप्तान के तौर पर वापसी हो सकती है। गिल गर्दन की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहे थे। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि उपकप्तान श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड सीरीज का हिस्सा होंगे या नहीं। श्रेयस को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोट लगी थी और वह फिलहाल बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी मैच खेलने की अनुमति नहीं मिली है।

Related Articles

Back to top button