अलवर: अवैध खनन पर सख्ती, दोनों ट्रैक्टरों पर सवा-सवा लाख रुपये की पैनल्टी

अलवर में अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई सामने आई है। अरावली विहार और अखैपुरा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से अवैध बजरी से भरे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। दोनों मामलों में खनन विभाग ने ट्रैक्टर मालिकों पर सवा-सवा लाख रुपये की पैनल्टी लगाई है।

अरावली विहार थानाधिकारी रामेश्वर ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान एएसआई शंकर लाल को सूचना मिली थी कि मालवीय नगर की ओर से एक ट्रैक्टर अवैध रूप से बजरी भरकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को रोका और जांच की।

जांच के दौरान चालक से बजरी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने तत्काल ट्रैक्टर को जब्त कर खनन विभाग को सूचना दी। खनन विभाग द्वारा जांच के बाद ट्रैक्टर पर सवा लाख रुपये की पैनल्टी निर्धारित की गई।

वहीं, अखैपुरा थाना पुलिस ने भी अवैध बजरी परिवहन के एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर जब्त किया। इस प्रकरण में भी खनन विभाग ने नियमानुसार सवा लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले ही अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर प्रेस नोट जारी किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने और सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button