अयोध्या के बाद रणबीर कपूर का नया प्रॉपर्टी निवेश, चार प्लॉट खरीदने की खबर से चर्चा तेज

बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर अपनी आगामी फिल्मों ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनकी नई प्रॉपर्टी डील भी सुर्खियों में आ गई है। अयोध्या में निवेश के कुछ महीनों बाद अब रणबीर कपूर ने महाराष्ट्र के पुणे जिले में करीब 25.7 एकड़ जमीन खरीदकर अपने रियल एस्टेट पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह डील करीब 16.42 करोड़ रुपये में हुई है।

प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, रणबीर कपूर ने पुणे के मुल्शी तालुका के पिंपरी गांव में चार सटे हुए प्लॉट खरीदे हैं। यह सौदा 30 अप्रैल 2026 को पंजीकृत हुआ था। बताया जा रहा है कि यह जमीन एक साथ चार अलग-अलग हिस्सों में खरीदी गई है।

चार प्लॉट में किया निवेश

रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर कपूर ने एक या दो नहीं, बल्कि चार अलग-अलग प्लॉट खरीदे हैं। इनमें सबसे बड़ा प्लॉट करीब 43,800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का है, जिसकी कीमत 7.07 करोड़ रुपये बताई गई है।

दूसरा प्लॉट 29,900 वर्ग मीटर का है, जिसे लगभग 4.62 करोड़ रुपये में खरीदा गया। तीसरे प्लॉट का क्षेत्रफल 21,400 वर्ग मीटर है और इसकी कीमत 3.31 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं चौथा और सबसे छोटा प्लॉट 8,900 वर्ग मीटर का है, जिसे करीब 1.39 करोड़ रुपये में खरीदा गया।

अयोध्या के बाद पुणे में बढ़ाया निवेश

इससे पहले रणबीर कपूर ने अयोध्या के एक लग्जरी प्रोजेक्ट में भी निवेश किया था। अब पुणे में बड़ी जमीन खरीदने के बाद माना जा रहा है कि अभिनेता लगातार रियल एस्टेट सेक्टर में अपने निवेश का विस्तार कर रहे हैं। हालांकि, इस जमीन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाएगा, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर जल्द ही नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगे। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ का भी हिस्सा हैं। इन दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button