नगर निगम कर्मचारियों से हाथापाई, राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

अलवर शहर कोतवाली थाने में नगर निगम के जमादार ने कुछ युवतियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार नगर निगम के आदेश पर जमादार प्रिन्स चावला शनिवार रात करीब 12:30 बजे नंगली सर्किल से एसएमडी चौराहे के बीच आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रहे थे। टीम करीब 20 से 25 गाय और बछड़ों को पकड़कर ले जा रही थी। इसी दौरान एक फोर व्हीलर में सवार 4-5 युवतियां मौके पर पहुंचीं और निगम कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई करने लगीं।
पीड़ित का आरोप है कि युवतियों में शामिल एक लड़की ने नाम पूछकर जातिसूचक शब्द कहे और कार्रवाई में बाधा डाली। इस दौरान कुछ बछड़ों को छुड़ा लिया गया, जिनमें से एक बछड़ा अलग हो गया और उसे कुत्तों ने घायल कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
जमादार प्रिन्स चावला ने आरोप लगाया कि युवतियों ने निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में रुकावट पैदा की।
वहीं दूसरी ओर अंजना दीवान ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि कुछ लोग गाय और बछड़ों को लाठियों से पीटते हुए ले जा रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। उनके अनुसार बाकी सभी आरोप झूठे हैं।
फिलहाल पुलिस ने जमादार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





