एक बड़ी पार्टी हाथ लगी है.. 20 लाख वसूलेंगे, हनी ट्रैप गिरोह की सदस्यों के बातचीत की ऑडियो पुलिस को मिली

मुरादाबाद; एक बड़ी पार्टी हाथ लगी है। उससे बीस लाख रुपये वसूले जाएंगे। इसके बाद सभी पांच-पांच लाख रुपये बांट लेंगे। यह ऑडियो संभल के कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर रकम वसूलने वाले गिरोह के सदस्यों के बीच हुई बातचीत का है। पुलिस इस रिकॉर्डिंग को केस का हिस्सा बना रही है उधर पुलिस गिरोह के सरगना बाबर की तलाश में जुटी है।
संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन निवासी बिलाल को हनी ट्रैप में फंसाकर वसूली करने वाले आरोपी बाबर, फैसल और सिपाही मिर्जा रिजवान बेग के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी। पुलिस ने फैसल, युवती और सिपाही के मोबाइल की कॉल डिटेल के साथ ही ऑडियो रिकॉर्डिंग भी खंगाली है जिसमें दो सदस्यों के बीच बातचीत मिली है।
आरोपी बातचीत में बड़ी पार्टी हाथ लगने कीबात कह रहे हैं। यही नहीं इस पार्टी से बीस लाख रुपये वसूलने और बाद में पांच-पांच लाख रुपये बांटने का भी जिक्र है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि फैसल, रिजवान और एक युवती को जेल भेजा चुका है। मुख्य आरोपी बाबर की तलाश की जा रही है।
हनी ट्रैप केस में सिपाही समेत तीन गिरफ्तार
मुरादाबाद की कटघर पुलिस ने हनी ट्रैप के मामले में महिला और हेड कांस्टेबल सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इस गिरोह ने संभल के युवक को अपने जाल में फंसाकर उसकी अश्लील वीडियो बनाई फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे। आरोपियों ने 36 हजार से अधिक रुपये वसूल कर लिए थे। वहीं हेड कांस्टेबल ने अपने खाते में 14 हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे।
पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन निवासी बिलाल ने कटघर थाने में रहमतनगर गली नंबर -3 निवासी बाबर, गली नंबर 5 निवासी फैसल, मुस्लिमा कॉलेज के पास रहने वाली महिला और हेड कांस्टेबल मिर्जा रिजवान बेग के खिलाफ केस दर्ज कराया था।





