यूपी: पंचायत चुनाव में देरी के बीच सरकार का फैसला, अगले छह महीने तक प्रधान ही संभालेंगे गांवों की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव एक बार फिर टल गए हैं। योगी सरकार ने ग्राम पंचायतों के कार्यकाल को छह महीने और बढ़ाने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही मौजूदा ग्राम प्रधान अगले छह महीने तक अपनी जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे।
ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो गया था। इसके बाद सरकार ने पहले भी छह महीने का विस्तार दिया था, जिसकी अवधि 27 नवंबर को पूरी हो रही थी। अब अवधि समाप्त होने से पहले ही सरकार ने ग्राम पंचायतों के कार्यकाल को छह महीने और बढ़ाने का फैसला किया है।
पंचायत चुनाव में देरी की वजह
प्रदेश में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में देरी की प्रमुख वजह मतदाता सूची का अद्यतन नहीं होना और पंचायतों में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण से जुड़ी रिपोर्ट तैयार नहीं होना बताया जा रहा है। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने में समय लगने के कारण चुनाव निर्धारित समय पर नहीं हो सके।
सरकार ने चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक गांवों में प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूदा ग्राम प्रधानों को जिम्मेदारी जारी रखने का निर्णय लिया है।
2027 के विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत चुनाव की संभावना
ग्राम पंचायतों का कार्यकाल छह महीने बढ़ने के बाद अब गांवों में नई सरकार के गठन का इंतजार और लंबा हो गया है। माना जा रहा है कि प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को अपनी नई ग्राम पंचायत चुनने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।





