अखिलेश का भाजपा पर हमला: बोले- बुलडोजर से जनता को डराया जा रहा, प्रदेश में बनेगी पीडीए सरकार

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, मतदाता सूची और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की प्रिय मशीन बुलडोजर है और उनकी सोच विनाशकारी है। अखिलेश ने दावा किया कि जनता भाजपा का सच जान चुकी है और प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी।

लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बुलडोजर के जरिए जनता को डराया जा रहा है। उन्होंने नोएडा के विकास को लेकर भी कहा कि शहर को बेहतर बनाने के लिए ठोस प्रबंधन की जरूरत है। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा के कारण राजनीतिक प्रदूषण बढ़ा है। पार्टी में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए समाजवादी पार्टी के दरवाजे खुले होने की बात भी कही।
बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दे उठाए
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक और धार्मिक विवादों के बजाय रोजगार, निवेश और आम लोगों की आर्थिक परेशानियों पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान को कमजोर किए जाने का आरोप भी लगाया। डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने अर्थव्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। अखिलेश ने दोहराया कि समाजवादी पार्टी अयोध्या के लोगों के साथ खड़ी है और भाजपा सरकार को अपने विकास संबंधी दावों पर जवाब देना चाहिए।
मतदाता सूची को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल
सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आयोग के साथ मिलकर फर्जी वोट बनवा रही है। अखिलेश ने कहा कि आयोग के मुताबिक 2.5 करोड़ मतदाता गायब हैं, जबकि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि 1.27 करोड़ हिंदू गायब हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इनमें झूठ कौन बोल रहा है?

अखिलेश ने दावा किया कि फॉर्म-6 में 22 गुना वृद्धि हुई है। उनके मुताबिक, भाजपा फर्जी वोट बनवाने के लिए आयोग के साथ मिलकर काम कर रही है और इसी वजह से 2.5 करोड़ मतदाताओं के गायब होने की बात को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता मतदाता सूची के काम में लगे हैं और पार्टी इस प्रक्रिया पर नजर रख रही है।
बुलडोजर कार्रवाई में मौतों को लेकर सरकार पर आरोप
अखिलेश यादव ने बुलडोजर कार्रवाई के दौरान जान जाने की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में मौत होने पर एफआईआर कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई, जबकि मुख्यमंत्री खुद मामले दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें बाध्य न करे।

उन्होंने एक घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को पर्याप्त मदद नहीं मिलने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि पांच लाख रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंने अर्जुनगंज में हुए हादसे के पीड़ितों को भी सरकार से मदद देने और रायबरेली की घटना में कार्रवाई करने की मांग की।
55,584 फर्जी वोटर जुड़वाने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 55,584 फर्जी मतदाता जुड़वाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी।

अखिलेश ने सवाल उठाया कि जब मतदाता सूची से वोटर गायब हो रहे थे तो एसआईआर क्यों कराया जा रहा था? उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पहले वोट कम हुए थे, वहां अब फिर मतदाताओं की संख्या बढ़ रही है। उनके मुताबिक, शहरी क्षेत्रों में जहां वोट कम हुए थे, वहां दो लाख से अधिक फर्जी वोटर जुड़वाए गए हैं। उन्होंने इसके पीछे भाजपा के लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया।
ड्राफ्ट सूची में डुप्लीकेट विवरण पर भी सवाल
अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर की मतदाता सूची का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें नामों के साथ ‘श्री’ और ‘श्रीमती’ लिखा हुआ है। उन्होंने डुप्लीकेट विवरण होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे नाम अब भी ड्राफ्ट सूची में मौजूद हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। अखिलेश का आरोप था कि आयोग ट्रांसफर और पोस्टिंग के मामलों पर ध्यान नहीं दे रहा है और पीडीए वर्ग के लोगों को इस प्रक्रिया में जिम्मेदारी नहीं दी गई।

Related Articles

Back to top button