मिशन 2027: महिला वोट बैंक मजबूत करने में जुटी भाजपा, घर-घर जाकर सरकार की योजनाएं बताएंगी विस्तारक

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी युवा और महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में महिला वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा ने विशेष रणनीति तैयार की है। पार्टी देशभर से महिला विस्तारकों को उत्तर प्रदेश में उतारने की योजना बना रही है, जो घर-घर जाकर महिलाओं से संवाद करेंगी और उन्हें पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेंगी।
भाजपा की इस पहल के तहत महिला विस्तारक केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए किए गए कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगी। इस अभियान की जिम्मेदारी प्रदेश की सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी को सौंपी गई है।
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर रहेगा जोर
भाजपा की योजना देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाली महिला विस्तारकों को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारी देने की है। ये विस्तारक घर-घर संपर्क अभियान के दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़े सरकारी प्रयासों को प्रमुखता से रखेंगी। इसके साथ ही महिलाओं की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को भी जानेंगी।
पार्टी का उद्देश्य महिला मतदाताओं के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना और उनके बीच लगातार संवाद बनाए रखना है, ताकि चुनाव से पहले महिलाओं के बीच पार्टी का समर्थन मजबूत किया जा सके।
मथुरा की चिंतन बैठक के बाद बूथ स्तर पर सक्रियता
मथुरा में हुई चिंतन बैठक के बाद भाजपा ने मिशन-2027 के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति बनाई है। महिला विस्तारकों की तैनाती भी इसी चुनावी रोडमैप का हिस्सा है। पार्टी महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए सरकारी योजनाओं के प्रचार के साथ व्यक्तिगत संपर्क पर जोर दे रही है।
भाजपा की कोशिश है कि चुनाव से पहले महिलाओं के बीच ऐसा नेटवर्क तैयार किया जाए, जिसके माध्यम से पार्टी का संदेश घर-घर तक पहुंचे और मतदान के समय महिला मतदाताओं का समर्थन हासिल किया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी महिला कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र
देशभर से आने वाली महिला विस्तारक प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा के समन्वय से काम करेंगी। इसके लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को फील्ड में उतरने से पहले प्रशिक्षित करने के लिए शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान महिलाओं के बीच संपर्क अभियान चलाने और चुनावी रणनीति के तहत काम करने के तरीके बताए जाएंगे।





