हिंदू राष्ट्र और श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाया, धीरेंद्र शास्त्री बोले- गले में माला, हाथ में भाला हो

कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में चल रही रामकथा के अंतिम दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुत्व को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के गले में माला के साथ हाथ में भाला भी होना चाहिए। कथा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को हिंदू राष्ट्र बनाने और मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर निर्माण कराने का संकल्प भी दिलाया।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि देश के 600 जिलों में बागेश्वर धाम का संगठन तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों को कट्टर हिंदू बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को हिंदुत्व के खंडन के बजाय उसके मंडन पर ध्यान देना चाहिए। देशभर में हिंदुत्व के विचार को लेकर हर महीने बैठक होनी चाहिए। अब जातिवाद के बजाय राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देनी होगी।
घरों के बाहर भगवा ध्वज लगाने और तिलक लगाने का आह्वान
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं से घरों के बाहर भगवा ध्वज लगाने और माथे पर तिलक लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा विरोध करने वाले जमकर विरोध करें, लेकिन बराबरी करके विरोध करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कथा रोकी जाएगी तो नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रोकी जाएगी। मंदिर और आश्रम पर ताला लगाया जाएगा तो देशद्रोहियों के घरों पर भी ताला लगेगा।

कथावाचक ने कहा कि उन्हें कथा सुनाने में इसलिए आनंद आ रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से कट्टर हिंदुओं को एक मंच पर लाने का अवसर मिला है। पदयात्रा के बाद पहली बार ऐसी कथा हुई है, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदुत्व समर्थक एक साथ आए हैं। उन्होंने कुंडा की धरती से आह्वान किया कि हिंदुत्व पर अंगुली उठने पर प्रत्येक हिंदू को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।
राजा भैया ने दिव्य दरबार में आने का दिया न्योता
कथा के मंच से कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने शुक्रवार को होने वाले दिव्य दरबार में शामिल होने के लिए जिले के लोगों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि जिले के श्रद्धालुओं को दिव्य दरबार में बाबा बागेश्वर को सुनने का अवसर मिलेगा। दिव्य दरबार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान पर्चियां खोली जाएंगी।
दिव्य दरबार के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि दिव्य दरबार के मद्देनजर 400 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। रामकथा के आयोजन को लेकर पहले से ही एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button