मद्महेश्वर धाम से ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचे भगवान मद्महेश्वर, शीतकाल के छह महीने भक्त यहीं करेंगे दर्शन

द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई है। इसके साथ ही भगवान मद्महेश्वर की भोग मूर्तियों को शीतकालीन पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए मंदिर के गर्भगृह में स्थापित कर दिया गया है। अब आगामी छह माह तक भगवान मद्महेश्वर की पूजा-अर्चना और दर्शन ओंकारेश्वर मंदिर में ही होंगे।
बृहस्पतिवार को भगवान मद्महेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली अपने अंतिम रात्रि प्रवास गिरिया गांव से सुबह आठ बजे ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। सैकड़ों श्रद्धालुओं के जयकारों और महिलाओं के मंगल स्वागत गीतों के बीच डोली पिलोंजी, फाफंज और पाली होते हुए सुबह पौने 12 बजे मंगोलीचारी पहुंची।
यहां केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ने डोली की अगवानी की और डोली को सोने का छत्र धारण कराया। इसके बाद डोली ब्राह्मणखोली, प्रेमनगर और डंगवाड़ी होते हुए ग्रामीणों को आशीर्वाद देते हुए दोपहर डेढ़ बजे ओंकारेश्वर मंदिर परिसर पहुंची। मंदिर परिसर में पहले से मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के कर्मचारियों ने डोली का भव्य स्वागत किया।
डोली को मंदिर के सभामंडप में विराजमान किया गया। इसके बाद भगवान मद्महेश्वर की भोग मूर्तियों को बूढ़ा मद्महेश्वर के पुष्परथ में विराजमान किया गया। पुष्परथ ने ओंकारेश्वर मंदिर की परिक्रमा कर श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वाद दिया। परिक्रमा के बाद पुष्परथ के फूलों को श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया।
इसके बाद पुजारी शिवशंकर लिंग, बागेश लिंग, गंगाधर लिंग और शिव लिंग की मौजूदगी में वेदपाठी विश्वमोहन जमलोकी, यशोधर मैठाणी और आशाराम नौटियाल के वेदमंत्रोच्चारण के बीच भगवान मद्महेश्वर की भोग मूर्तियों को गर्भगृह में स्थापित किया गया। अब शीतकाल के दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में भगवान मद्महेश्वर के दर्शन कर सकेंगे।





