आरबीआई की ब्याज दरों पर बड़ा अनुमान, 2027 तक रेपो रेट में 75 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी संभव; जानें वजह

देश में महंगाई का दबाव बढ़ने के बीच आने वाले समय में आम लोगों के लिए कर्ज लेना महंगा हो सकता है। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) कैलेंडर वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 CY27) तक रेपो रेट में कुल 75 बेसिस प्वाइंट यानी 0.75 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है। इस संभावित बढ़ोतरी के बाद रेपो रेट 6.25 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि महंगाई पर काबू पाने के लिए आरबीआई आने वाले महीनों में धीरे-धीरे मौद्रिक नीति को सख्त कर सकता है। ब्याज दरों में बढ़ोतरी का असर होम लोन, कार लोन और कारोबारियों की उधारी लागत पर पड़ सकता है। इसके साथ ही देश की आर्थिक विकास दर में भी कुछ नरमी आने की संभावना जताई गई है।
दिसंबर से शुरू हो सकता है ब्याज दरों में बढ़ोतरी का दौर
गोल्डमैन सैक्स की शोध रिपोर्ट के अनुसार, आरबीआई दिसंबर में होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट को 25 बेसिस प्वाइंट बढ़ा सकता है। इसके बाद 2027 की पहली छमाही में 50 बेसिस प्वाइंट की और बढ़ोतरी किए जाने का अनुमान है।
इस तरह दिसंबर से लेकर 2027 की दूसरी तिमाही तक रेपो रेट में कुल 75 बेसिस प्वाइंट का इजाफा हो सकता है। इसके बाद नीतिगत ब्याज दर 6.25 फीसदी पर पहुंचने की संभावना है।
महंगाई के दबाव से बढ़ सकती हैं ब्याज दरें
गोल्डमैन सैक्स के चीफ इंडिया इकोनॉमिस्ट शांतनु सेनगुप्ता के मुताबिक, भारत में खुदरा महंगाई अक्टूबर में 6.1 फीसदी पर पहुंच गई है। यह आरबीआई के संतोषजनक दायरे की ऊपरी सीमा छह फीसदी से अधिक है।
रिपोर्ट के अनुसार, खुदरा महंगाई वित्त वर्ष के अगले दो तिमाहियों यानी Q4 CY26 और Q1 CY27 के दौरान छह फीसदी से ऊपर रह सकती है। खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतें, मौसम से जुड़ी अनिश्चितताएं और उत्पादन लागत में इजाफा महंगाई के प्रमुख कारण हो सकते हैं।
इसके अलावा अल नीनो से जुड़ी मौसमी परिस्थितियों का असर भी खाद्य कीमतों पर पड़ सकता है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2027 में औसत खुदरा महंगाई 5.7 फीसदी और कोर महंगाई 4.7 फीसदी रह सकती है। हालांकि, साल के अंत तक महंगाई धीरे-धीरे पांच फीसदी के दायरे में आने की उम्मीद जताई गई है।
जीडीपी ग्रोथ की रफ्तार हो सकती है धीमी
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्याज दरों में बढ़ोतरी और मौद्रिक नीति सख्त होने का असर देश की आर्थिक विकास दर पर भी पड़ सकता है। भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 2026 के अनुमानित 7.9 फीसदी से घटकर 2027 में 7.2 फीसदी रह सकती है।
हालांकि, गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि विकास दर में नरमी के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति मजबूत बनी रह सकती है। घरेलू मांग, निजी उपभोग और ऊर्जा, मैटेरियल्स व रणनीतिक मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश से अर्थव्यवस्था को सहारा मिलने का अनुमान है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनियों के लिए कर्ज की लागत बढ़ने और उपभोग पर दबाव पड़ने से निवेश की रफ्तार प्रभावित हो सकती है। इसके बावजूद रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और सप्लाई चेन से जुड़े क्षेत्रों में निवेश के चलते 2027 में वास्तविक निवेश वृद्धि दर 8.5 फीसदी रहने का अनुमान है।
रुपये और शेयर बाजार को लेकर क्या है अनुमान?
गोल्डमैन सैक्स ने रुपये की चाल को लेकर भी अनुमान जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया अगले तीन महीनों में 94, छह महीनों में 95 और 12 महीनों में 96 के स्तर तक पहुंच सकता है।
वहीं, भारत का चालू खाता घाटा (CAD) 2026 और 2027 में जीडीपी के लगभग एक फीसदी पर सीमित रहने का अनुमान है। मजबूत सेवा निर्यात और विदेशों से आने वाले धन यानी रेमिटेंस से इसे नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
शेयर बाजार को लेकर ब्रोकरेज फर्म का रुख सकारात्मक है। गोल्डमैन सैक्स ने भारतीय शेयर बाजार की रेटिंग को ‘ओवरवेट’ में अपग्रेड किया है। साथ ही 2027 के अंत तक निफ्टी के लिए 28,500 का लक्ष्य तय किया है। रिपोर्ट में मजबूत कॉरपोरेट कमाई को बाजार के लिए सकारात्मक संकेत बताया गया है।
सरकार के पूंजीगत खर्च पर भी नजर
गोल्डमैन सैक्स के चीफ इंडिया इकोनॉमिस्ट शांतनु सेनगुप्ता के अनुसार, सरकार राजकोषीय मजबूती बनाए रखने की दिशा में आगे बढ़ सकती है। इसके साथ ही जीडीपी के अनुपात में पूंजीगत खर्च यानी कैपेक्स का आवंटन स्थिर रहने की संभावना है।
आम आदमी पर क्या पड़ सकता है असर?
अगर आरबीआई रेपो रेट में बढ़ोतरी करता है तो इसका असर बैंकों की ब्याज दरों पर भी पड़ सकता है। इससे नए होम लोन, कार लोन और अन्य कर्ज महंगे हो सकते हैं। जिन लोगों ने फ्लोटिंग ब्याज दर पर लोन लिया है, उनकी ईएमआई बढ़ने या लोन की अवधि लंबी होने की संभावना भी रहेगी।
हालांकि, इसका वास्तविक असर बैंकों की ओर से ब्याज दरों में किए जाने वाले बदलाव पर निर्भर करेगा। फिलहाल रेपो रेट में 75 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है। आरबीआई की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।





