रामविलास पासवान की जयंती पर सीएम योगी ने किया स्मरण, बोले- वंचितों के लिए हमेशा उठाई आवाज

राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी में गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि वह जुझारू तेवर वाले जननेता थे। उन्होंने अपने संघर्ष और सक्रिय राजनीति के जरिए सामाजिक चेतना को नई दिशा देने का काम किया। सीएम योगी ने कहा कि करीब पांच दशक पहले बिहार की राजनीति में एक ऐसे युवा नेता का उदय हुआ, जिसने दलितों और वंचितों की आवाज को मजबूती से उठाया।

दलित और वंचित वर्ग के लिए किया काम

सीएम योगी ने कहा कि रामविलास पासवान लंबे समय तक संसद में सक्रिय रहे और उन्हें भी उनके साथ संसद में काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पासवान के मन में भारतीय परंपरा के प्रति हमेशा सम्मान और श्रद्धा का भाव रहा।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, रामविलास पासवान का प्रयास था कि दलित और वंचित वर्ग को न्याय मिले और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान प्राप्त हो। इसी संकल्प के साथ उन्होंने लंबे समय तक काम किया।

चिराग पासवान बढ़ा रहे रामविलास पासवान का मिशन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामविलास पासवान की अनुपस्थिति आज भी महसूस होती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके पुत्र चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आभार भी जताया।

यूपी में भी सम्मान दिलाने का भरोसा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला है, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिलाया जाएगा। उन्होंने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान रामविलास पासवान के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button