मैसा टीजर में दिखा रश्मिका का नया अवतार, पिता की तलाश में निकली बेटी की कहानी ने बढ़ाई उत्सुकता

रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मैसा’ का टीजर जारी हो गया है। टीजर में अभिनेत्री एक बिल्कुल अलग और रफ-टफ अंदाज में नजर आ रही हैं। फिल्म में रश्मिका पहली बार हार्ड-कोर एक्शन भूमिका निभाती दिखाई देंगी।
पिता की तलाश में जुटी रश्मिका
टीजर से संकेत मिलता है कि फिल्म की कहानी पिता और बेटी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। रश्मिका का किरदार अपने पिता की तलाश में निकलता है और इस दौरान उसे कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
टीजर में वह कभी कीचड़ में, कभी जंगल में तो कभी पानी के अंदर दुश्मनों से मुकाबला करती दिखाई देती हैं। उनका किरदार गुस्सैल और आक्रामक अंदाज में नजर आता है।
एक्शन के साथ भावनाओं का मेल
‘मैसा’ को एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर के तौर पर पेश किया गया है। फिल्म की कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। टीजर में एक्शन के साथ भावनात्मक पहलू की भी झलक देखने को मिलती है।
निर्देशक रविंद्र पुल्ले ने फिल्म में एक्शन, भावनाओं और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए दृश्यों को एक साथ जोड़ा है। फिल्म में रश्मिका का किरदार कहानी के केंद्र में है और उनका नया अवतार दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
कब रिलीज होगी ‘मैसा’?
रविंद्र पुल्ले के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। टीजर के जरिए फिल्म की कहानी और रश्मिका के एक्शन अवतार की पहली झलक सामने आई है।





