मुरादाबाद की फैक्टरी में आग से अफरा-तफरी, दो किमी दूर तक दिखाई दिया धुआं; इलाका कराया खाली

मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में रामपुर दोराहा स्थित आरएच इंटरनेशनल फैक्टरी में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप ले लिया। फैक्टरी से उठता धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

निर्यातक मोहम्मद तसलीम की इस फैक्टरी में हैंडीक्राफ्ट के सामान बनाए जाते हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक फैक्टरी में आग लगी और देखते ही देखते तेजी से फैल गई। फैक्टरी में हैंडीक्राफ्ट के आइटम होने के कारण आग और भड़कती चली गई। आग की लपटों के साथ आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया।

10 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। सीएफओ राजीव पांडे के अनुसार, फिलहाल 10 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग की चपेट में आई यूनिट के साथ दूसरी यूनिट को भी सुरक्षित रखने की कोशिश की जा रही है, ताकि आग वहां तक न फैल सके।

आग की विकरालता को देखते हुए अन्य स्थानों से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं, लेकिन फिलहाल आग पूरी तरह काबू में नहीं आई है।

आग बुझने के बाद होगा नुकसान का आकलन

फैक्टरी में रखा कितना सामान आग की चपेट में आया और कितने का नुकसान हुआ है, इसका अभी आकलन नहीं हो सका है। अधिकारियों के अनुसार आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आंकड़ा सामने आ सकेगा।

Related Articles

Back to top button